जहां दिखी भीड़भाड़ वही शुरू कर दी सरप्राईज चेकिंग, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आसपास माधवनगर पुलिस का पहरा, जगह बदल बदल कर की जा रही चेकिंग

कटनी। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए माधव नगर पुलिस अलर्ट पर नजर आ रही है। जहां एक तरफ माधवनगर थाना प्रभारी अपनी टीम को साथ लेकर जहां भीड़भाड़ नजर आती है वहीं पर सरप्राइज चेकिंग शुरू कर देते हैं वहीं दूसरी तरफ संवेदनशील ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आसपास भी देर शाम टीम के साथ पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लेते हुए आसपास चेकिंग अभियान चलाया।
बातचीत करते हुए माधव नगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि भारत पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के द्वारा सरप्राइज चेकिंग करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं प्राप्त निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में माधव नगर पुलिस लगातार सक्रियता बरतते हुए जगह बदल बदल कर सरप्राईज चेकिंग कर रही है।
माधव नगर पुलिस ने बिलहरी मोड, अमीरगंज और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के आसपास के इलाकों में चेकिंग की कार्रवाई की। पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जाँच की गई और उनकी तलाशी ली गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए आगे भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पैनिक न हों और प्रशासन का सहयोग करें।








