बड़वारा के बनेहरा में हुई जांच तो 10 एकड़ भूमि पर मिला कब्जा, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी कब्जे को लेकर 8 अक्टूबर को करेगी “खूंटा गाड़ो, खेत जोतो” आंदोलन, आंदोलन की चेतावनी से हरकत में आया प्रशासन
कटनी। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के द्वारा बड़वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम बनहरा सहित हमारी में भूमिया के द्वारा किए गए शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर आगामी 8 अक्टूबर को “खूंटा गाड़ो, खेत जोतो” आंदोलन किया जाना है। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विंदेश्वरी पटेल के नेतृत्व में आंदोलन की तैयारी की जा चुकी हैं। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी द्वारा आंदोलन की घोषणा किए जाने के बाद प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए और लंबे अरसे से शासकीय जमीन पर हुए कब्जे को हटाने की कवायत शुरू हो सकी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बिंदेश्वरी पटेल ने बताया कि आज बड़वारा तहसील के ग्राम बनेहरा में दो पटवारियों की संयुक्त जांच में लगभग 10 एकड़ भूमि पर मनु नारला एवं उनके परिवार द्वारा कब्जा किए जाने की स्थिति सामने आई। जांच के दौरान गांव के लोगों ने संबंधित भूमि पर खूंटा गाड़कर अपने हक का दावा जताया और शासन का हक सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि भूमि संबंधी वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने के बाद शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी ने अमाड़ी हल्के की भूमि की भी शीघ्र नाप कराने की मांग की है, ताकि भूमि संबंधी विवादों और कब्जों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बिंदेश्वरी पटेल ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों के भूमि अधिकारों को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 अक्टूबर को प्रस्तावित “खूंटा गाड़ो, खेत जोतो” आंदोलन पूर्ववत रहेगा।