शादी की खुशियां बदलीं मातम में, चाट-फुल्की के विवाद में चार पर चाकू से हमला

कटनी । जिले के समीपी रैपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधराड में एक शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी और दहशत में बदल गया, जब चाट-फुल्की खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। घटना में दो युवकों ने चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना 13 और 14 मई की दरमियानी रात की है। ग्राम अधराड में आयोजित शादी कार्यक्रम में चाट-फुल्की के ठेले पर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी राहुल और सोनू बर्मन निवासी अधराड ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में सौरभ लोधी (17 वर्ष) निवासी रैपुरा, शिवम लोधी (18 वर्ष) निवासी रैपुरा, राजकिशोर लोधी (35 वर्ष) निवासी बसेहड़ी जिला कटनी तथा कुलदीप रैकवार निवासी अधराड गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तत्काल घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैपुरा लेकर पहुंचे। वहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम.एल. चौधरी ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही रैपुरा थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी श्रीमती स्मिता सिंह बघेल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *