रात्रि 10 बजे तक संचालित हुआ जलकर राहत शिविर, 270 उपभोक्ताओं ने उठाई 50 प्रतिशत छूट की सुविधा, 42.81 लाख रुपये से अधिक का जलकर जमा, अंतिम दिवस नागरिकों को राहत देने में जुटा रहा निगम का राजस्व अमला
कटनी। जलकर राहत योजना के अंतिम दिवस शनिवार को नगर निगम का राजस्व अमला दिनभर बकायेदार उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने में जुटा रहा। नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर सुभाष चौक स्थित शिविर का संचालन रात्रि 10 बजे तक किया गया, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता बकाया जलकर पर 50 प्रतिशत छूट का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक राजस्व टीम के साथ देर रात तक उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को योजना के तहत मिलने वाली छूट की जानकारी देते हुए उन्हें इस अंतिम अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। निगम अमले ने नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार सक्रिय रहकर जलकर जमा कराने की प्रक्रिया संपन्न कराई।
270 उपभोक्ताओं ने जमा किए 42.81 लाख रुपये से अधिक
राजस्व अधिकारी श्री पाठक ने बताया कि सुभाष चौक शिविर में रात्रि 10 बजे तक कुल 270 उपभोक्ताओं ने 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेते हुए 42.81 लाख रुपये से अधिक की राशि नगर निगम कोष में जमा कराई। योजना के अंतिम दिवस की यह राशि अनंतिम है। अंतिम आंकड़ों में संशोधन संभव है।
जनप्रतिनिधियों एवं निगमायुक्त ने जताया आभार
महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार ने योजना का लाभ लेकर लंबे समय से बकाया जलकर के भुगतान में आर्थिक राहत प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने नागरिकों द्वारा योजना के प्रति दिखाई गई सहभागिता की सराहना की है।