फाइनेंस कंपनी के एजेंटों पर बिना बताए मोटरसाइकिल उठाने का आरोप, ग्रामीणों ने रीठी थाने में दिया ज्ञापन

कटनी। कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम काटौलिया में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों द्वारा मनमानी और नियम विरुद्ध कार्रवाई का मामला सामने आया है। पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार, टीवीएस फाइनेंस कंपनी के एजेंट उनकी मोटरसाइकिलों को बिना किसी पूर्व सूचना अथवा कानूनी प्रक्रिया का पालन किए अचानक उठाकर ले गए। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को रीठी थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई और संबंधित एजेंटों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्राम काटौलिया निवासी गीता बाई आदिवासी सहित लगभग पांच अन्य पीड़ितों ने बताया कि वे मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। उन्होंने टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिलें फाइनेंस पर ली थीं। बीते दिनों जब वे घर पर मौजूद नहीं थे अन्य कार्यों में व्यस्त थे, तभी कंपनी के एजेंट आए और बिना परिजनों को सूचित किए गाड़ियां उठाकर ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किस्तें बकाया भी थीं, तो कंपनी को पूर्व में नोटिस देना चाहिए था। इस तरह बिना बताए गाड़ियां ले जाना सीधे तौर पर दबंगई और चोरी की श्रेणी में आता है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्रीय कांग्रेस नेता मुकेश यादव पीड़ितों के समर्थन में आगे आए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ रीठी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी शाहिद खान को ज्ञापन सौंपा।
मुकेश यादव ने कहा कि क्षेत्र के गरीब और आदिवासी वर्ग के मजदूरों के साथ लगातार इस प्रकार का अन्याय किया जा रहा है। रिकवरी के नाम पर नियम-कानूनों को ताक पर रखकर गाड़ियां उठाना सरासर गलत है। उन्होंने कहा, बिना किसी कागजी कार्रवाई अथवा पूर्व सूचना के गाड़ियां ले जाना कानूनन अपराध है। हमने पुलिस से मांग की है कि इस कृत्य में शामिल संबंधित एजेंटों और फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ चोरी एवं धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाए। थाना प्रभारी शाहिद खान ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच की जाएगी और नियमों के तहत उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *