अवैध शराब के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 54 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 पाव यानी 54 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ निगरानी कर रही थी। इसी क्रम में 14 सितंबर 2026 को पुलिस टीम विजयराघवगढ़ से टीकर आम रोड की ओर भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति दो प्लास्टिक की बोरियों में शराब लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति वाहन और शराब से भरी बोरियां सड़क पर छोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे ओमप्रकाश उर्फ छोटू बर्मन (29 वर्ष), पिता मथुरा प्रसाद बर्मन, निवासी शारदा मंदिर ग्राउंड के पास, विजयराघवगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 300 पाव (54 लीटर), कीमत 54,000 रुपये बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब दीपक उर्फ पंडा जायसवाल की है और वह उसके साथ टीकर क्षेत्र में शराब बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं आरोपी दीपक उर्फ पंडा जायसवाल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सउनि विक्रम सिंह, सउनि संतोष स्वामी, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीलेश सिंह, आरक्षक पारस पटेल एवं प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।