रेत तस्करी के खिलाफ विजयराघवगढ़ पुलिस ने की कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, खनन अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई

कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। दोनों वाहनों के चालक रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएसएस एवं खान एवं खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई 2 एवं 3 अगस्त की दरम्यानी रात गश्त के दौरान की गई। पुलिस ने ग्राम खेरवा रोड पर महिंद्रा ट्रैक्टर (क्रमांक MP 21 ZB 8732) को रेत से भरा हुआ पाया। चालक नीरज यादव, निवासी ग्राम खजुरा, रेत परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया।
इसी दौरान ग्राम खिरवा रोड पर एस्सार ट्रैक्टर (क्रमांक MP 21 AA 7773) भी अवैध रूप से रेत परिवहन करते मिला। चालक सुखलाल कोल, निवासी ग्राम भीमपार, आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने इस ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया। दोनों वाहनों को धारा 106 बीएनएसएस एवं धारा 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उप निरीक्षक विक्रम सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह एवं आरक्षक पप्पू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *