विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर किए जब्त, खिरवा नंबर-1 में महानदी पुल के पास पुलिस ने की कार्रवाई, चालक वाहन छोड़कर फरार
कटनी। क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। दोनों ट्रैक्टरों की ट्रॉलियों में रेत का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस को देखकर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान ग्राम खिरवा नंबर-1 स्थित महानदी पुल के पास पुलिस टीम को पावरट्रैक कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक MP 21 ZF 9365 तथा महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक MP 21 ZB 6858 रेत का परिवहन करते हुए मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रेत से भरे दोनों ट्रैक्टरों को मौके पर ही धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में की गई। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक जयराम साकेत, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं प्रधान आरक्षक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।