विजयराघवगढ़ पुलिस ने रंगेहाथों गांजा तस्कर को दबोचा, बोरी की तलाशी ली तो निकला 4 किलो गांजा, आरोपी तस्कर गया जेल
कटनी। जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने एक व्यक्ति को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
रात्रि गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात विजयराघवगढ़ थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हिनौता में महानदी के नवीन पुल के पास एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक की बोरी लिए संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस वाहन देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान उत्तम पारधी (42), निवासी ग्राम खिरहनी, थाना बरही, जिला कटनी के रूप में हुई।
बोरी की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी की जांच करने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 किलो गांजा, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये आंकी गई है, जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जयराम साकेत और आरक्षक नीतेश सिंह की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।