रेत चोरी पर अंकुश लगाने विजयराघवगढ़ पुलिस की सख्ती, फिर पकड़े गए अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर
कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 106 बीएनएसएस एवं 4/21 खनन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक रीतेश शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जिला दण्डाधिकारी द्वारा महानदी क्षेत्र में रेत उत्खनन एवं परिवहन के लिए किसी भी वैध कंपनी को अनुमति नहीं दी गई है, जिसके चलते क्षेत्र में रेत खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद 2 और 3 जून की दरम्यानी रात गुड़ेहा घाट से अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक आलोक उरमलिया एवं शेखर सिंह से रेत परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने रेत से भरे एक लाल रंग के कुवेहा कंपनी के ट्रैक्टर क्रमांक MP20AB8698 तथा एक नीले रंग के बिना नंबर स्वराज माजदा ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त करते हुए खनन अधिनियम की धारा 4/21 के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा, उप निरीक्षक संतोष कुमार स्वामी, आरक्षक चालक मज्जू कोल, मुखबिर तंत्र एवं स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








