गायत्री शक्तिपीठ कटनी में सादगीपूर्ण तरीके से हुआ वैदिक विवाह
कटनी। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संस्कारवान समाज के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए गायत्री शक्तिपीठ कटनी में 26 अप्रैल 2026 को एक आदर्श विवाह संपन्न कराया गया। यह विवाह पूरी तरह से वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार, बिना दहेज और अत्यंत सादगी के साथ सम्पन्न हुआ, जो वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।
गायत्री परिवार लंबे समय से “व्यक्ति निर्माण, समाज निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण” के उद्देश्य को लेकर कार्यरत है। इसी क्रम में शक्तिपीठ परिसर में प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे सामूहिक यज्ञ आयोजित किया जाता है तथा विभिन्न संस्कार निःशुल्क कराए जाते हैं, जिससे समाज में नैतिकता और संस्कारों का प्रसार हो सके। इस आदर्श विवाह में खंडवा निवासी नवल कुमार (पिता उदयराम, उम्र 34 वर्ष), जो रेलवे विभाग में कार्यरत हैं, बारात लेकर कटनी पहुंचे और यहां बिना किसी दहेज के विवाह संस्कार संपन्न हुआ। विवाह की विधि-विधान को दिग्विजय सिंह सोलंकी एवं जगदीश सिंह भदौरिया द्वारा सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रकाश पटेल, राजेश पटेल, ममता खरे, रोशनी तिवारी, बबीता गुरुंग एवं सावित्री सोनी सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। गायत्री परिवार ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे भी इस प्रकार के आदर्श विवाह को अपनाएं और अपने पारिवारिक संस्कार गायत्री शक्तिपीठ कटनी में आकर निःशुल्क संपन्न कराएं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।








