पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, नवजात बच्चों के माता-पिता को भेंट किए फलदार पौधे, बच्चे की तरह पालने का लिया संकल्प

कटनी। जिले के बड़वारा मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में समाज सेवा विकास संस्था द्वारा एक अनूठा अभियान चलाया गया। संस्था की टीम ने अस्पताल में जन्मे नवजात शिशुओं के माता-पिता को उपहार स्वरूप फलदार पौधे भेंट किए। इस दौरान परिजनों को संकल्प दिलाया गया कि जिस प्रकार वे अपने बच्चे का लालन-पालन करेंगे, ठीक उसी तरह इस पौधे को भी सींचकर बड़ा वृक्ष बनाएंगे। संस्था के इस अनोखे प्रयास की अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और क्षेत्रीय नागरिकों ने सराहना की है।
​कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए समाजसेवी पूजा सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनकी टीम पिछले कई वर्षों से निरंतर सक्रिय है। इसी कड़ी में बड़वारा शासकीय अस्पताल में प्रसूताओं और उनके परिजनों को फलदार पौधे बांटे गए। उन्होंने कहा कि जब-जब बच्चा बड़ा होगा, उसके साथ यह पौधा भी वृक्ष का रूप लेगा, जो परिवार के लिए एक सुखद और यादगार स्मृति बनेगा।
​डोर-टू-डोर से लेकर हाईवे तक चला अभियान
कार्यक्रम में मौजूद समाजसेवी बबीता सिंह ने संस्था के पूर्व अभियानों का उल्लेख करते हुए बताया कि पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास निरंतर जारी है। पिछले दो वर्षों के दौरान संस्था ने विभिन्न सामाजिक आयोजनों और ग्रामीण अंचलों में घर-घर जाकर मुफ्त पौधे बांटे हैं।
​इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर यातायात नियमों का पालन करने वाले चालकों को सम्मानित करते हुए पौधे भेंट किए गए। साथ ही मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह में नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाओं के साथ पौधे उपहार में दिए जाते हैं। जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे अवसरों पर भी पौधे भेंट करने की परंपरा संस्था द्वारा निभाई जा रही है।
​12 हजार में से 10 हजार पौधों के जीवित रहने की उम्मीद
आंकड़े साझा करते हुए बबीता सिंह ने बताया कि संस्था अब तक करीब 12,000 पौधों का वितरण कर चुकी है। नियमित देखभाल और जनभागीदारी के कारण इनमें से लगभग 10,000 पौधों के सुरक्षित रहकर वृक्ष बनने की पूरी संभावना है, जो कि इस अभियान की एक बड़ी उपलब्धि है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *