शहरी पीएम आवास योजना के तहत 31 परिवारों ने किया गृहप्रवेश, 56 के आवास निर्माण का हुआ भूमिपूजन

कटनी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के लिए स्वीकृत आवासों का भूमिपूजन एवं पूर्ण निर्मित आवासों का गृहप्रवेश कार्यक्रम शनिवार 20 जून को नगर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विभिन्न वार्डों में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निगम के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में हितग्राहियों की उपस्थिति रही।
56 हितग्राहियों के आवास भूमिपूजन सहित 31 हितग्राहियों का गृहप्रवेश
निगम प्रशासन द्वारा बताया कि शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में स्वीकृत आवासों के भूमिपूजन एवं गृह प्रवेश के इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर नवीन स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य के लिए 56 हितग्राहियों द्वारा भूमिपूजन संपन्न कराया गया। वहीं पूर्ण निर्मित आवासों के 31 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपकर गृहप्रवेश कराया गया तथा उनके नए जीवन की शुरुआत पर शुभकामनाएं दी गईं।
पक्के आवास का सपना हो रहा साकार
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराना है। यह योजना गरीब एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे पक्के आवास का सपना साकार हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया।
हितग्राहियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों ने शासन एवं नगर निगम कटनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें अपने परिवार के लिए सुरक्षित एवं सुविधायुक्त आवास प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर हितग्राहियों से शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा नगर के अधिक से अधिक पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त करने का भी आह्वान किया गया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *