पीएम स्वनिधि पखवाड़ा अभियान के तहत 108 पथ विक्रेताओं को ऋण वितरित, आर्थिक रूप से सशक्त बनाने मिशन मोड पर अभियान संचालित

कटनी। नगर के पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके व्यवसाय को निरंतर गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत नगर निगम कटनी द्वारा विशेष पीएम स्वनिधि पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा मिशन मोड में संचालित अभियान के माध्यम से पात्र पथ विक्रेताओं को योजना की जानकारी देने, आवेदन कराने तथा ऋण प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के दौरान अब तक 117 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 108 पथ विक्रेताओं को ऋण वितरित कराया जा चुका है। शेष आवेदनों का परीक्षण कर उन्हें शीघ्र बैंकों को प्रेषित करने की प्रक्रिया जारी है।
पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध
पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य छोटे स्तर पर व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराकर उनके कारोबार को मजबूत करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध रूप से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे पथ विक्रेता जिन्होंने 15 हजार रुपये का ऋण चुका दिया है, वे 25 हजार रुपये के अगले ऋण के लिए पात्र हैं। इसी प्रकार 25 हजार रुपये का ऋण चुकता करने वाले पथ विक्रेता 50 हजार रुपये के ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वंचित न रहे कोई पात्र हितग्राही
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के दौरान पात्र पथ विक्रेताओं से संपर्क कर उन्हें योजना की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदन से लेकर बैंक स्तर पर ऋण वितरण तक की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र पथ विक्रेता जानकारी या प्रक्रिया के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे।
निगम के कक्ष क्रमांक 63 में करें संपर्क
निगम प्रशासन ने अपील की है कि पात्र पथ विक्रेता नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 63 में संपर्क कर आगामी ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं। निगम प्रशासन द्वारा पथ विक्रेताओं से अभियान का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की गई है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *