मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत जिले में चार चरणों में होंगे सामूहिक विवाह आयोजन, कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित निकायों को दिए आवश्यक निर्देश
कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी, समस्त जनपद पंचायतों तथा संबंधित नगर परिषदों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने बताया कि सामूहिक विवाह आयोजनों के लिए निर्धारित तिथियों के अनुरूप आवेदन प्राप्त करने, पात्रता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
चार निर्धारित तिथियों पर होंगे सामूहिक विवाह आयोजन
शासन द्वारा निर्धारित तिथियों एवं जिला प्रशासन के निर्णय के अनुसार जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रमों का आयोजन चरणबद्ध रूप से किया जाएगा। अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा में सामूहिक विवाह आयोजन संपन्न हो चुके हैं। आगामी कार्यक्रमों के तहत शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को देवउठनी ग्यारस के अवसर पर नगर निगम कटनी, जनपद पंचायत बहोरीबंद एवं नगर परिषद बरही में आयोजन होंगे। वहीं, जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित शनिवार, 12 दिसंबर 2026 को जनपद पंचायत कटनी एवं ढीमरखेड़ा तथा नगर परिषद कैमोर एवं विजयराघवगढ़ में वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद गुरुवार, 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी के अवसर पर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, रीठी एवं बड़वारा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न होंगे।
आवेदन से स्वीकृति तक प्रत्येक प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
उपसंचालक श्री मोदी ने बताया कि आगामी आयोजनों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथियां (सामूहिक विवाह की तिथियां के अनुक्रम में) क्रमशः 5 नवंबर 2026, 28 नवंबर 2026 एवं 28 जनवरी 2027 निर्धारित की गई हैं। संबंधित निकायों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण, पात्रता के आधार पर स्वीकृति अथवा अस्वीकृति, पोर्टल पर प्रविष्टि तथा आमंत्रण पत्रों का वितरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में एक निर्धारित तिथि पर 200 से अधिक विवाह न हों, इस उद्देश्य से निकायवार आयोजन तिथियां निर्धारित की गई हैं। संबंधित अधिकारियों को आवेदन प्रक्रिया और योजना के दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपसंचालक श्री मोदी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना हेतु निर्धारित सामूहिक वैवाहिक आयोजनों की तिथियों का व्यापक रूप से प्रचार प्रसार करने को संबंधित निकायों से कहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि निर्धारित तिथि के बाद आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे इसलिए निर्धारित तिथि के पूर्व समस्त दस्तावेजों सहित निर्धारित स्थान पर आवेदन जमा किए जाएं।