पीएम स्वनिधि पखवाड़ा के तहत पात्रों को अधिकतम लाभ दिलाने चलेगा विशेष अभियान, निगमायुक्त के निर्देश पर 15 अगस्त तक चलेगा अभियान

कटनी। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा 15 अगस्त तक “पीएम स्वनिधि पखवाड़ा” विशेष अभियान चलाया जाएगा। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सिटी मिशन मैनेजर यश रजक को निर्देश दिए हैं कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजना की जानकारी
निगमायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केवल ऋण उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। इसलिए प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजना की जानकारी पहुंचाकर उन्हें आवेदन, ऋण स्वीकृति, डिजिटल भुगतान और क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाओं से जोड़ने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।
वेंडिंग जोन एवं बाजार क्षेत्रों में आयोजित करे विशेष शिविर
उन्होंने सिटी मिशन मैनेजर श्री रजक को निर्देशित किया कि नगर के सभी चिन्हित वेंडिंग जोन एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएं तथा नए पात्र पथ विक्रेताओं के आवेदन प्राप्त कर उनका शीघ्र परीक्षण एवं बैंकों को प्रेषण सुनिश्चित किया जाए। पूर्व में अस्वीकृत प्रकरणों की पुनः समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएं।
लंबित ऋण प्रकरणों का कराए शीघ्र निराकरण
निगमायुक्त ने बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने, हितग्राहियों को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित करने तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता अभियान, शिविरों एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को योजना से लाभान्वित किया जाए।
विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं से जोड़ने होंगे प्रयास
नगर निगम द्वारा बताया गया कि अभियान अवधि के दौरान पात्र पथ विक्रेताओं को ऋण स्वीकृति, डिजिटल वित्तीय सेवाओं, यूपीआई आधारित लेन-देन, क्रेडिट कार्ड एवं अन्य संबंधित सुविधाओं एवं योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही बैंकों एवं नगर निगम के बीच सतत समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान की होगी प्रतिदिन समीक्षा
निगमायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान की प्रतिदिन समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पथ विक्रेता प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित होकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *