ऑपरेशन मुस्कान के तहत कोतवाली पुलिस को मिली दोहरी सफलता, गुमशुदा नाबालिगों को सकुशल खोजकर किया परिजनों के हवाले

कटनी। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक नाबालिग बालिका और एक नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जून को नदीपार स्थित राम मनोहर लोहिया वार्ड की 13 वर्षीय बालिका पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल नहीं होने के कारण तलाश चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन रिश्तेदारों और परिवार से पूछताछ के दौरान पता चला कि बालिका सागर जिले में अपनी दादी के घर पहुंच गई है। पुलिस ने संपर्क स्थापित कर बालिका को सकुशल कटनी लाकर परिजनों को सौंप दिया।
दूसरे मामले में 30 जून को ग्राम बड़ेरा पठरा निवासी एक नाबालिग बालक, जो अपनी बुआ के घर कुठला बस्ती आया हुआ था, घूमने निकला और वापस नहीं लौटा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर बालक को दुर्गा चौक, कटनी से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिना बताए अपने दोस्त से मिलने चला गया था। दोनों नाबालिगों की काउंसलिंग के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चों के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी बस स्टैंड नेहा मौर्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *