ऑपरेशन मुस्कान के तहत बिलहरी पुलिस को मिली सफलता, गुमशुदा नाबालिग बालिका पन्ना से दस्तयाब

कटनी। जिले में नाबालिग बालक-बालिकाओं की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत बिलहरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को पन्ना जिले के सिमरिया क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 22 जून 2026 को एक फरियादी ने बिलहरी चौकी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत पर बिलहरी चौकी एवं थाना कुठला पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को गुमशुदा नाबालिगों की शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दहिया के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय एवं उनकी टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अपराध क्रमांक 529/26 धारा 137(2) बीएनएस की गुमशुदा बालिका को सिमरिया, जिला पन्ना से सकुशल दस्तयाब किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिवार के चेहरे पर पुनः मुस्कान लौट आई। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति, आरक्षक सौरभ जैन एवं आरक्षक लव उपाध्याय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *