ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़वारा पुलिस को मिली की बड़ी सफलता, दो नाबालिग बालिकाएं दस्तयाब, परिजनों को सुरक्षित किया सुपुर्द
कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो 17 वर्षीय नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस के अनुसार, 14 जून 2026 को एक परिजन ने अपनी 17 वर्षीय बेटी के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना बड़वारा में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बालिका को 6 सितंबर को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया।
इसी तरह 31 अगस्त 2026 को दर्ज दूसरे मामले में भी 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने की सूचना पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने अथक प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालिका को 6 सितंबर को दस्तयाब कर सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। दोनों दस्तयाबी मामलों में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णुशंकर जायसवाल, सउनि रामनाथ साकेत, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता मिश्रा, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी, गौरीशंकर राजपूत तथा साइबर सेल के आरक्षक शुभम गौतम की विशेष भूमिका रही।