मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह की तिथियां तय, इन दिनों होंगे विवाह

मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह की तिथियां तय, इन दिनों होंगे विवाह

कटनी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत जिले में सामूहिक विवाह एवं निकाह कार्यक्रमों की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने योजना के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन तिथियों पर होंगे आयोजन
जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम कटनी, जनपद पंचायत बहोरीबंद एवं नगर परिषद बरही में देवउठनी ग्यारस के अवसर पर शुक्रवार 20 नवम्बर को आयोजन होगा। इसके लिये आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर है। इसी प्रकार जनपद पंचायत कटनी, जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा, नगर परिषद कैमोर एवं नगर परिषद विजयराघवगढ़ में शनिवार 12 दिसम्बर को सामूहिक विवाह संपन्न होंगे। इसके लिये आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर है। वहीं जनपद पंचायत विजयराघवगढ़, जनपद पंचायत रीठी एवं जनपद पंचायत बड़वारा में गुरूवार 11 फरवरी 2027 को सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिये आवेदन की अंतिम तिथि 28 जनवरी 2027 है।
पात्रता और आवेदन प्रक्रिया
योजना का लाभ केवल उन जोड़ों को मिलेगा जो गरीबी रेखा के अंतर्गत आते हैं तथा जिनका सत्यापन बीपीएल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज हो। प्रत्येक आयोजन में न्यूनतम 11 और अधिकतम 200 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। निर्धारित तिथि से 15 दिन पूर्व वर-वधू या उनके माता-पिता द्वारा संयुक्त रूप से आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन प्राप्त होते ही उसे ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा और आवेदक को पावती दी जाएगी। ई-केवाईसी या समग्र जानकारी में त्रुटि होने पर आवेदन तत्काल वापस कर सूचित किया जाएगा। योजना के तहत 49 हजार रुपये की राशि सीधे कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
जांच और पारदर्शिता के निर्देश
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आवेदन जांच के दौरान वधू के पड़ोसियों का पंचनामा एवं सरपंच के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। आयुक्त के प्रतिनिधि तथा सीईओ एवं सीएमओ द्वारा रेंडम जांच की जाएगी। सभी आवेदनों की पात्रता जांच विवाह तिथि से 7 दिन पहले पूरी करना सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और सक्षम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post