अड़ीबाजी और मारपीट के मामलों में उमरियापान पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो आरोपी हुए गिरफ्तार
कटनी। उमरियापान थाना पुलिस ने अड़ीबाजी, मारपीट और धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 14 वर्षीय बालक को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में आरोपियों द्वारा शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग कर लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के पुरवा मोहल्ले में एक महिला से उसकी दुकान के सामने शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगे गए। पैसे देने से इनकार करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। वहीं दूसरे मामले में मुड़िया पुरवा में दो भाइयों से शराब के लिए पैसों की अड़ीबाजी की गई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर उन्हें चोट पहुंचाई गई। दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने के बाद उमरियापान पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों बालिग आरोपियों सोमनाथ बर्मन (18 वर्ष 6 माह) और आकाश उर्फ अरुण बर्मन (19 वर्ष), दोनों निवासी उमरियापान, को विधिवत गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में शामिल 14 वर्षीय बालक को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने कहा है कि थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी, अड़ीबाजी, नशाखोरी और आमजन व राहगीरों को परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।