उमरियापान पुलिस ने पैदल भ्रमण करते हुए दिखाई सख्ती, बसस्टैंड पर आइसक्रीम ठेले में तब्दील मॉडिफाइड बाइक पर सवार नशेड़ी चालक को पकड़ा, वाहन जब्त

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में उमरियापान पुलिस के द्वारा क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अनुक्रम में थाना प्रभारी उमरिया पान उपनिरीक्षक महेन्द्र जायसवाल द्वारा अपने पुलिस स्टाफ के साथ कस्बे में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा था। पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम द्वारा मुस्तैदी दिखाते हुए दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयां की गईं। भ्रमण के दौरान बस स्टैंड के पास थाना प्रभारी की नजर एक ऐसे दोपहिया वाहन पर पड़ी, जिसे यातायात नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से मॉडिफाई किया गया था। उक्त वाहन के पीछे दो अतिरिक्त चक्के लगाकर उसे एक ‘आइसक्रीम के ठेले’ का रूप दे दिया गया था और उसे बस स्टैंड के पास खड़ा किया गया था। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल उक्त मॉडिफाइड वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

इसी दौरान पुलिस टीम ने एक अन्य व्यक्ति को शराब के नशे की हालत में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पकड़ा। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही ‘ब्रीथ एनालाइजर’ मशीन से उक्त चालक का परीक्षण किया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। नशे की हालत में वाहन चलाकर आमजन के लिए दुर्घटना की प्रबल आशंका उत्पन्न करने वाले चालक के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उसका वाहन विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया। उमरिया पान पुलिस द्वारा आमजन को यह सख्त संदेश दिया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, अवैध रूप से वाहनों को मॉडिफाई करने वाले और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *