उमरियापान पुलिस ने 48 घंटे का चलाया विशेष अभियान, अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा, दो वाहन जप्त, 6 लोग गिरफ्तार
कटनी। अवैध शराब के कारोबार और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ उमरियापान पुलिस ने 48 घंटे का विशेष अभियान चलाया। 13 और 14 सितंबर को की गई सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब से जुड़े मामलों में 6 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 2 चालकों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और महिंद्रा XUV-500 कार भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में उमरियापान थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
इटमा और जमुनिया में अवैध शराब पर दबिश
अभियान के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर ग्राम इटमा और जमुनिया में चिन्हित स्थानों पर दबिश दी। इटमा में अवैध रूप से शराब बेचने और लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में प्रकाश पटेल (40) और शिव कोल (39) को पकड़ा गया।
वहीं ग्राम जमुनिया में अवैध शराब के कारोबार के आरोप में कौशल कोल (27), दसईराम कोल (52) और सतीश कोल (30) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा ग्राम टोला निवासी किशोरीलाल बसोर (45) के खिलाफ भी अवैध शराब कारोबार के मामले में कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए। पुलिस के मुताबिक आबकारी एक्ट के मामलों में गिरफ्तार सभी छह आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
शराब के नशे में वाहन चलाने पर दो वाहन जब्त
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में भी कार्रवाई की। ग्राम डिघरी मझगवां निवासी संदीप कोल (30) को शराब के नशे में हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर उसके खिलाफ धारा 185 मोटर यान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसी तरह बघराजी निवासी बृजेश विश्वकर्मा (46) को शराब के नशे में महिंद्रा XUV-500 कार तेज और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने कार को मौके से जब्त कर धारा 185 मोटर यान अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
जारी रहेगा अभियान
उमरियापान पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अवैध शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।