ऑपरेशन मुस्कान में उमरियापान पुलिस को मिली सफलता, 48 घंटे में नाबालिग बालिका सकुशल दस्तयाब
कटनी। नाबालिग बालिकाओं एवं गुमशुदा बच्चों की त्वरित और सुरक्षित दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत उमरियापान पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को महज 48 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। दस्तयाबी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार ग्राम झुमकी निवासी फरियादिया ने 15 सितंबर 2026 को थाना उमरियापान पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में मामले की त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूत्रों की मदद से संभावित ठिकानों पर लगातार पतारसी की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 17 सितंबर 2026 को, रिपोर्ट दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर, नाबालिग बालिका का सुराग लगाकर उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुत्री के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और उमरियापान पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।