उमरिया पान पुलिस को मिली सफलता, झपटमारी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व 9 हजार नकद बरामद
कटनी। कटनी जिले के उमरिया पान थाना पुलिस ने झपटमारी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन एवं ₹9,000 नकद भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को शाम करीब 5:30 बजे साप्ताहिक बाजार उमरिया पान में भीड़ का फायदा उठाकर एक बदमाश ने दुर्गावती पटेल के हाथ में रखी पॉलीथिन छीन ली थी। पॉलीथिन में रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और ₹9,000 नकद रखे थे। पीड़िता की शिकायत पर उमरिया पान थाने में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत धारा 304(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी एवं मानवीय सूत्रों के आधार पर पुलिस ने ग्राम गूढ़ा निवासी धनेंद्र लोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके कब्जे से चोरी गया मोबाइल फोन और नगदी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी धनेंद्र लोनी पिता जानकी प्रसाद लोनी, निवासी गूढ़ा थाना ढीमरखेड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेंद्र चौरसिया, निलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया, महिला आरक्षक दुर्गा शुक्ला सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल कटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।