स्कूटी से दो युवक कर रहे थे शराब की तस्करी, एनकेजे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, 7 पेटी देशी प्लेन शराब जब्त

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु एनकेजे पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं मुख्यालय एसडीओपी रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एनकेजे उपनिरीक्षक रुपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक गत 1 जून 2026 को एनकेजे पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक एक स्कूटी में अवैध शराब का परिवहन करते हुए झलवारा से हिरवारा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची। बताए गए हुलिए की स्कूटी पर सवार दो युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर स्कूटी के सामने पैरदान पर 4 तथा पिछली सीट पर 3 खाकी रंग के कार्टून रखे मिले। कार्टून खोलकर जांच करने पर उनमें देशी प्लेन मशाला शराब पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सतीष चौधरी पिता सोहन लाल चौधरी उम्र 27 वर्ष एवं विकाश चौधरी पिता मोहन लाल चौधरी उम्र 27 वर्ष निवासी झर्रा टिकुरिया, कटनी बताया। पुलिस द्वारा कुल 7 कार्टून में भरी 63 लीटर अवैध देशी प्लेन मशाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30,000 रुपये है, विधिवत जब्त की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी जब्त की गई। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर पूछताछ उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेज दिया गया। कटनी पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *