दो शिफ्ट की सफाई, नियमित निरीक्षण, दंडात्मक कार्रवाई एवं जन-जागरूकता अभियानों से स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन की दिशा में निगम के प्रयास तेज
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगरपालिक निगम कटनी द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनाने हेतु बहुआयामी कार्ययोजना के तहत सतत निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा लागू दो शिफ्ट आधारित सफाई व्यवस्था के माध्यम से शहर के समस्त वार्डों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है, वही रोड स्वीपिंग मशीन से धूल मिट्टी को कम कर वायु गुणवत्ता सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे है, जिसके परिणामस्वरूप स्वच्छता का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है।
नोडल अधिकारी रोजाना कर रहे मूल्यांकन
स्वच्छता कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन प्रातःकालीन वार्ड निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की गुणवत्ता, कार्य निष्पादन की स्थिति एवं फील्ड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे कार्यप्रणाली में सुधार एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो सके।
व्यवहार परिवर्तन हेतु जन जागरूकता गतिविधियां
नागरिकों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन लाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिसके तहत सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाकर नागरिकों से संपर्क कर कचरा पृथक्करण की जानकारी दी गई। इस दौरान निर्धारित स्थानों पर ही कचरा निष्पादन, एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने संबंधी संदेश विभिन्न माध्यमों से प्रसारित किए गए, जिससे नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहन मिल रहा है। ये गतिविधियां अनवरत रूप से वार्डवार आयोजित की जा रही है।
उत्तरदायित्व की भावना पर जोर
निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सार्वजनिक स्थलों में गंदगी करने वालों सहित स्वच्छता नियमों के उल्लंघन कर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर 4400 रूपये का स्पॉट फाइन किया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से अनुशासन स्थापित करने के साथ-साथ नागरिकों में नियमों के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित की जा रही है।
फागिंग एवं कीटनाशक छिड़काव
इसके अतिरिक्त, निगम प्रशासन द्वारा जनस्वास्थ्य की दृष्टि से नगर क्षेत्र में नियमित रूप से शाम के समय फागिंग अभियान तथा प्रातः सफाई व्यवस्था के दौरान कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे मच्छरजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।
घुमंतू मवेशियों पर नियंत्रण
नगर में घुमंतू मवेशियों की समस्या के निराकरण हेतु भी निगम द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता को केवल प्रशासनिक दायित्व न मानते हुए इसे जन-सहभागिता आधारित अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। इन समन्वित एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप शहर में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के प्रयास किए जा रहे है। इसके साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में ठोस प्रगति लाने हेतु पूरी तन्मयता के साथ निगम प्रशासन प्रयासरत है।








