कटनी के दो पदाधिकारियों को प्रांतीय समिति में मिला स्थान, मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ में हर्ष का माहौल

कटनी के दो पदाधिकारियों को प्रांतीय समिति में मिला स्थान, मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ में हर्ष का माहौल

कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ की प्रांतीय स्तर की बैठक में कटनी जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। संघ की जिला शाखा कटनी के दो पदाधिकारियों को प्रांतीय समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 12 अप्रैल 2025 को भोपाल स्थित कर्मचारी भवन (गीतांजलि चौराहा) में प्रांतीय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांताध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने की। इस दौरान संघ के विधान में संशोधन, नई कार्यकारिणी का गठन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, कर्मचारी हितों के मुद्दों का त्वरित निराकरण करने तथा अधिक से अधिक सदस्य जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न वर्गों नियमित कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी, अंशकालीन कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा-उषा, कोटवार एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई। प्रांतीय समिति द्वारा कटनी जिले के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके को प्रांतीय संगठन एवं प्रचार सचिव तथा अजय गौतम को उप प्रांताध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय मानी जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर संघ के प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर संगठन में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया। कटनी जिले के प्रतिनिधियों को प्रांतीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी मिलना न केवल जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि इससे कर्मचारी हितों के मुद्दों को प्रदेश स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post