नासिक रेलवे स्टेशन से मिलीं गुम हुईं दो नाबालिग बालिकाएं, बाकल पुलिस ने परिजनों को किया सुपुर्द, घर लौटी बेटियां
कटनी। बाकल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से बिना बताए निकलीं 14 और 15 वर्ष की दो नाबालिग बालिकाओं को महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन से तलाश कर सकुशल बरामद किया। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। बालिकाओं के सकुशल मिलने पर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, 23 और 24 सितंबर 2026 को दोनों बालिकाओं के परिजनों ने थाना बाकल पहुंचकर उनके घर से बिना बताए चले जाने और वापस नहीं लौटने की सूचना दी थी।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मोर्य के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में बालिकाओं की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। तलाश और पतारसी के दौरान पुलिस को मानवीय सूत्रों से दोनों बालिकाओं के महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर बाकल पुलिस टीम परिजनों के साथ नासिक पहुंची और दोनों बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर कटनी लाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
बालिकाओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की। बालिकाओं की तलाश और बरामदगी में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश तिवारी, उपनिरीक्षक बी.एल. ठाकुर, प्रधान आरक्षक शिव सिंह, नंदकिशोर, नकुल पटेल, महिला आरक्षक अनामिका अठ्या, आरक्षक नीरज दुबे, कमलकांत यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक सत्येंद्र सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।