ढाई माह का पृथ्वीराज कटनी पुलिस बल में हुआ शामिल, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने दिया अनुकंपा नियुक्ति पत्र, परिवार के प्रति जताई संवेदना

कटनी। पुलिस विभाग ने एक बार फिर अपने दिवंगत कर्मियों के परिवार के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वर्गीय आरक्षक भूपेंद्र सिंह ठाकुर के पुत्र पृथ्वीराज लोधी को बाल आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का पत्र प्रदान किया।
जानकारी के अनुसार स्वर्गीय आरक्षक भूपेंद्र सिंह ठाकुर, जिला दमोह में पदस्थ थे और शासकीय सेवा के दौरान एक सड़क दुर्घटना में उनका दुखद निधन हो गया था। उनके निधन के बाद शासन के अनुकंपा नियुक्ति नियमों के तहत उनके 2 वर्ष 5 माह के पुत्र पृथ्वीराज लोधी को बाल आरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक ने नियुक्ति पत्र सौंपते हुए परिवार को शुभकामनाएं दीं और भरोसा दिलाया कि पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के हितों के प्रति सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर परिजनों ने मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *