इन्द्रानगर में चाकूबाजी करने वाले दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, कुठला पुलिस ने भेजा जेल

कटनी। इन्द्रानगर क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को कुठला पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार सरला नगर निवासी उत्तम लौहार (29) ने थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने साथी विपिन पाण्डेय और सन्नी लोहार के साथ बाइक से जा रहा था। देर रात करीब 12:20 बजे इन्द्रानगर गली नंबर-3 के पास कुछ कुत्ते उनके पीछे दौड़े। इस दौरान वहां मौजूद लोगों से कुत्तों को संभालने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा एक युवक ने जान से मारने की नियत से चाकू से हमला कर दिया। बचाव करने पर चाकू फरियादी के पीठ हिस्से में लगा। आरोपियों ने धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी एवं पारंपरिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र उर्फ जित्तू ठाकुर (28) निवासी इन्द्रानगर गली नंबर-3 थाना कुठला तथा रवि सिंह ठाकुर (32) निवासी शंकर टाकीज क्षेत्र थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी जितेन्द्र उर्फ जित्तू ठाकुर के खिलाफ थाना कुठला में पहले से मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि रवि सिंह ठाकुर पर अवैध शराब बिक्री के दो प्रकरण दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक रामेश्वर सिंह, महेन्द्र सिंह, आरक्षक मनोज सिंह सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *