मोटरसाइकिल से 60 लीटर अवैध महुआ शराब ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार, बड़वारा पुलिस की कार्रवाई
कटनी। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से करीब 60 लीटर कच्ची महुआ शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुड़ा मोड़ यात्री प्रतीक्षालय के पास दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 ZJ 8466 पर प्लास्टिक के गुम्मों में बड़ी मात्रा में शराब लेकर ग्राहकों के इंतजार में खड़े हैं।
सूचना की तस्दीक करने पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर चार प्लास्टिक के गुम्मों के साथ देखा। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम नरेश कोल (32), पिता बिहारीलाल कोल और पीछे बैठे व्यक्ति ने शनि कुमार केवट (28), पिता लखनलाल केवट, दोनों निवासी ददरी मोहल्ला, विलायत कला, थाना बड़वारा बताया।
पुलिस ने चारों गुम्मों की जांच की तो उनमें हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब होने की पुष्टि हुई। प्रत्येक गुम्मे में करीब 15 लीटर, कुल 60 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की गई। आरोपियों से शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर शराब और मोटरसाइकिल जब्त की। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि सुयश पाण्डेय, सउनि रामनाथ साकेत, आरक्षक गौरीशंकर, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी एवं आरक्षक बृजलाल प्रजापति की विशेष भूमिका रही।