12 घंटे के अंदर हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, रंगनाथनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीसरे आरोपी की तलाश जारी, आरोपियों को भेजा जेल
कटनी। जिले के थाना रंगनाथनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को फरियादी सुरेश गिरि गोस्वामी, निवासी मदन मोहन चौबे वार्ड, थाना रंगनाथनगर ने मारपीट एवं जानलेवा हमले के संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 493/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 109(1), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और सघन पतासाजी के बाद पुलिस ने दो आरोपियों योगेश सोंधिया (26 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर के पास, नई बस्ती अधारकाप और अजय चौधरी उर्फ चंदू (20 वर्ष), निवासी मदन मोहन चौबे वार्ड, रंगनाथनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल तीसरे आरोपी राज चौधरी की तलाश अभी जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, उप निरीक्षक सतीश जाटव, सहायक उप निरीक्षक बहादुर सिंह, विजयेंद्र तिवारी सहित आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों की टीम की सराहनीय भूमिका रही। रंगनाथनगर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि गंभीर अपराधों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।