पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, 13 शहीदों के परिजनों का सम्मान, 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का हुआ वाचन, परेड दल ने दी सलामी
कटनी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद परेड दल ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी और पुलिस स्मृति परेड मार्च निकाला।
शहीदों के बलिदान को किया याद
पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिवस का ऐतिहासिक संबंध 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान से है। यह दिवस पुलिस बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का प्रतीक है।
13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में कटनी जिले के शहीद पुलिसकर्मियों प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी, अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन एवं अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी तथा रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि सहायक कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन सीमा जैन ने किया। समारोह के माध्यम से देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई तथा उनके परिजनों के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट की गई।