कटनी बस स्टैंड में परिवहन एवं यातायात ने की संयुक्त कार्रवाई, 41 यात्री बसों की हुई जांच, 7 पर लगा जुर्माना, 8 की फिटनेस निरस्त

कटनी। जिले में सड़क एवं यात्री सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्‍टर आशीष तिवारी के निर्देश पर परिवहन एवं यातायात विभाग द्वारा बुधवार को कटनी बस स्टैंड पर संयुक्त सघन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान के दौरान कुल 41 यात्री बसों का निरीक्षण किया गया। जांच में 7 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं, जिन पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। संबंधित वाहन संचालकों को भविष्य में सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जांच के दौरान एक गंभीर अनियमितता भी सामने आई, जिसमें 8 बसों में आपातकालीन निकास (इमरजेंसी डोर) के सामने सीटें लगाई गई थीं। इसे यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित बसों की फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार और पुनः निरीक्षण के बाद ही इन बसों की फिटनेस बहाल की जाएगी। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने कहा कि यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इमरजेंसी निकास को अवरुद्ध करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बस संचालकों से नियमित वाहन रखरखाव एवं सभी वैधानिक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील की।
यातायात विभाग के अधिकारियों ने वाहन चालकों एवं परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि यात्रियों के जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी भी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में परिवहन नियमों के उल्लंघन, ओवरलोडिंग तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सुरक्षित एवं व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *