कागजों में स्थानांतरण, अस्पताल में स्टाफ का संकट! बड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चार कर्मचारियों के भरोसे, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

कटनी। रीठी तहसील अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं स्टाफ की कमी के कारण प्रभावित होती नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार अस्पताल में करीब 9 कर्मचारियों के पद स्वीकृत एवं पदस्थ बताए जाते हैं, लेकिन वर्तमान में केवल चार कर्मचारियों के भरोसे पूरे अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। इससे मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव के मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुजस मोदी ने बताया कि कर्मचारियों की कमी का सीधा असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि विभाग द्वारा जिन कर्मचारियों का स्थानांतरण रीठी से बड़गांव किया गया, वे आज तक बड़गांव में नियमित रूप से ड्यूटी करते दिखाई नहीं दिए। उन्होंने यह भी बताया कि 10 जून 2026 को तत्कालीन बीएमओ द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश व्यवहार में लागू होता नजर नहीं आ रहा और वह केवल कागजों तक सीमित दिखाई देता है।
डॉ. मोदी ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव में पदस्थ कर्मचारियों को रीठी में अटैच न रखा जाए तथा जिनकी जहां मूल पदस्थापना है, उन्हें वहीं कार्य करने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि इससे अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अब बड़ा सवाल यह है कि जब स्थानांतरण आदेश जारी हो चुके हैं, तो संबंधित कर्मचारी आज तक बड़गांव में कार्यभार ग्रहण करने क्यों नहीं पहुंचे? यदि यही स्थिति बनी रही तो क्या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गांव की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार प्रभावित नहीं होंगी? अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर हैं कि वे इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *