भोपाल में लॉन्च हुआ जैन आचार्य 108 समय सागर जी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘शांति समय सागर’ का ट्रेलर, मुख्य अतिथि के तौर पर कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे मौजूद, कटनी के अमित कचेर है फिल्म निर्देशक

भोपाल। 30 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित ‘युवा शक्ति का महासंगम’ कार्यक्रम के दौरान जैन समाज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘शांति समय सागर’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह फिल्म जैन आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित है तथा इसमें जैन आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के आदर्शों की भी झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे। कार्यक्रम का संचालन दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री राकेश जैन ने किया। देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए 10,000 से अधिक युवाओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
फिल्म का निर्देशन कटनी निवासी गायक, संगीतकार एवं निर्देशक अमित कचेर ने किया है, जो वर्तमान में मुंबई में फिल्म और संगीत जगत में सक्रिय हैं। यह कटनी के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार जिले के किसी कलाकार ने राष्ट्रीय स्तर की फीचर फिल्म का निर्देशन किया है।
पिछले दो वर्षों से भारत के विभिन्न शहरों में फिल्म की शूटिंग की गई है। पूरी फिल्म का आध्यात्मिक मार्गदर्शन परम पूज्य जैन आर्यिका श्री 105 भावना मति माताजी ससंघ द्वारा प्रदान किया गया है। फिल्म में कुल छह गीत हैं, जिनका संगीत संयोजन और गायन स्वयं अमित कचेर ने किया है। वहीं संगीत निर्देशन यशराज स्टूडियो से जुड़े प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर संजय छिपेलकर ने किया है। फिल्म में संजय पांडे, सोनिया चौधरी, हार्दिक उइके, युवराज कश्यप, शिवकांत अग्रहरि, नरेंद्र जैन, कविश जैन, पी.सी. जैन, विक्की तिवारी तथा हंसिका मुक्ति सहित कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
निर्माताओं के अनुसार, ‘शांति समय सागर’ जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि जैन दर्शन, त्याग, तप और आध्यात्मिक जीवन के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *