लखपतेरी मार्बल खदान में दर्दनाक हादसा, अचानक गिरा भारी पत्थर, सुपरवाइजर की मौके पर दर्दनाक मौत, खदान सील

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के लखापतेरी के पास स्थित एक मार्बल खदान में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान में लोडिंग कार्य के दौरान अचानक भारी पत्थर गिरने से वहां काम कर रहे सुपरवाइजर उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रमिकों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
लोडिंग के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के आरा निवासी प्रदीप सिंह के रूप में हुई है, जो संबंधित मार्बल खदान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे खदान में लोडिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पत्थर खिसककर प्रदीप सिंह के ऊपर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने खदान को किया सील
घटना की सूचना मिलते ही निवार चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच के बाद एहतियातन संबंधित मार्बल खदान को सील कर दिया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
पुलिस के अनुसार, उक्त मार्बल खदान का संचालन मज्जू खान द्वारा किया जा रहा है। शुरुआती पड़ताल में खदान के भीतर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल सामने आए हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खदान में सुरक्षा मानकों के पालन, कार्यस्थल की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर खदानों में श्रमिकों की सुरक्षा और आवश्यक इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *