कैमोर के अमेहटा में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने मारी बाइक में टक्कर, दो की मौत, शादी में जा रहे थे बाइक सवार

कटनी। कैमोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अमेहटा गांव में बुधवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने मैहर जा रहे थे।
एसीसी प्लांट के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बड़ारी (कैमोर) निवासी 20 वर्षीय मनीष सिंह और उसका साथी 30 वर्षीय पूरन सिंह बुधवार रात करीब 9 बजे बाइक से मैहर जिले के झुकेही में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वे अमेहटा गांव में एसीसी प्लांट के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर देर रात जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के कारण शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मनीष और पूरन की मौत की खबर मिलते ही बड़ारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *