ई-रिक्शा पलटने से दर्दनाक हादसा, खेल रही 7 साल की मासूम बच्ची की दबकर मौत, परिवार में छाया मातम, विश्राम बाबा क्षेत्र की घटना

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के विश्राम बाबा इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में खेल रही 7 साल की मासूम बच्ची अचानक हादसे का शिकार हो गई। ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से बच्ची की जान चली गई। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेलते-खेलते असंतुलित होकर पलटा ई-रिक्शा
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान 7 वर्षीया रियांश अहिरवार (पिता अरविंद अहिरवार) के रूप में हुई है। रियांश अपने घर के बाहर खड़े एक ई-रिक्शा में बैठकर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया और बच्ची सीधे उसकी चपेट में आ गई। ई-रिक्शा के नीचे दबने से मासूम के सिर पर गंभीर और घातक चोट आई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि बच्ची को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच में सिर में आई गंभीर चोट ही मौत की मुख्य वजह पाई गई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर खड़ा ई-रिक्शा किन परिस्थितियों में पलटा और हादसे के पीछे की मुख्य वजह क्या रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *