पीरबाबा बाईपास पर अव्यवस्थित रूप से खड़े 20 ट्रैकों पर यातायात पुलिस ने की कार्यवाही, मार्ग अवरुद्ध करने वाले एक ट्रक को किया जब्त

कटनी। पीरबाबा बाईपास पर अव्यवस्थित रूप से ट्रक खड़े कर आवागमन अवरुद्ध करने वाले 20 ट्रक चालकों के खिलाफ यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने कार्यवाही की। इस दौरान एक ट्रक को जब्त भी किया गया।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के मार्गदर्शन में पीरबाबा बायपास पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहन जिससे रोड क्लियरेंस नहीं रहता था एवं यातायात अवरुद्ध की स्थिति निर्मित होती थी तथा ट्रकों के रोड़ पर खड़े होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए आज थाना प्रभारी यातायात राहुल पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 ट्रकों के विरुद्ध नो पार्किंग एवं खतरनाक हालत में वाहन खड़े पाए जाने चालानी कार्यवाही कर 9500 रुपए का समन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही ट्रक वाहन क्रमांक UP-70-PT-3501 को जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। कुल 20 ट्रकों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।