दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने तीन स्थल निर्धारित, 6 से 20 नवंबर तक जारी होंगे अस्थायी लाइसेंस
कटनी। दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के फुटकर विक्रय को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में तीन स्थलों का निर्धारण किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी के निर्देशानुसार सुरक्षा के मद्देनजर पूर्व वर्षों में निर्धारित कुछ स्थलों में बदलाव किया गया है। इन स्थलों पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए 6 से 20 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय अस्थायी लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
इमलिया, झिंझरी और एनकेजे में लगेंगी दुकानें
जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष आतिशबाजी के फुटकर विक्रय के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें ग्राम इमलिया, होमगार्ड ग्राउंड झिंझरी और एनकेजे (न्यू कटनी) शामिल हैं।
इमलिया, होमगार्ड ग्राउंड झिंझरी एवं एनकेजे में लगेंगी दुकानें
पूर्व वर्षों में माधवनगर के ग्राम पड़रवारा में निर्धारित स्थल के स्थान पर इस बार तहसील कटनी के ग्राम इमलिया में खसरा नंबर 94/1 एवं 94/2 की भूमि का चयन किया गया है। द्वारका सिटी खेल मैदान के स्थान पर इस वर्ष होमगार्ड ग्राउंड झिंझरी में आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाएंगी। तिलक कॉलेज और एनकेजे चौकी के पास स्थित रिक्त भूमि पर पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी आतिशबाजी की दुकानें लगाने की अनुमति रहेगी।
सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदले स्थल
जिला प्रशासन ने दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए स्थलों में बदलाव किया है। निर्धारित स्थानों पर ही अस्थायी लाइसेंसधारी दुकानदार आतिशबाजी का फुटकर विक्रय कर सकेंगे। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान आतिशबाजी की बिक्री को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना है।