जरवाही के सूने मकान में सेंधमारी कर चोरी करने वाले चोर चढ़े निवार पुलिस के हत्थे, चोरी के माल सहित एक बाइक बरामद, एक आरोपी की तलाश तेज

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी निवार पुलिस ने जरवाही में सूने मकान में सेंधमारी कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत करीब 90 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के नेतृत्व में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 6 मई 2026 को जरवाही निवासी हेमचंद्र कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोरों ने मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन एवं नगदी चोरी कर ली है। रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 408/26 के तहत धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अभिलाष उर्फ बेजिंदी वासुदेव (22 वर्ष) एवं इन्द्रजीत मांझी (32 वर्ष), दोनों निवासी ढूंढरी थाना कुठला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चांदी के जेवरात, बर्तन, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्र, राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, मनीष कुमार तथा आरक्षक अरविंद और वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *