श्री बजरंग कटाये घाट मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलकूद एवं मनोरंजन गतिविधियों की रहेगी धूम, 25 से 30 नवंबर तक विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी एवं शासकीय योजनाओं के स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

कटनी। नगर की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मनोरंजन गतिविधियों के प्रमुख आयोजन श्री बजरंग कटाये घाट मेला 2026 में इस वर्ष नागरिकों, बच्चों एवं युवाओं के लिए विविध आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को परंपरागत शोभायात्रा के साथ मेले का भव्य शुभारंभ होने के बाद आगामी दिनों में मेला परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, विज्ञान प्रदर्शनी, मनोरंजक कार्यक्रमों एवं विभिन्न गतिविधियों से गुलजार रहेगा।
विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिलेगा मंच
मेले के अंतर्गत 25 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न शालाओं के विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में एकल गायन, राजयोग केंद्र ब्रह्माकुमारी का कार्यक्रम, वादन, गायन एवं नृत्य, सामूहिक नृत्य, फैशन ड्रेस, रिकॉर्ड नृत्य तथा सामूहिक गायन एवं निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से लगभग 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपने विज्ञान आधारित मॉडल एवं रचनात्मक प्रयोग प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थियों की सहभागिता से मेले में ज्ञान, कला एवं रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
खेलकूद एवं मनोरंजक कार्यक्रम होंगे विशेष आकर्षण का केंद्र
मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ नगर निगम एवं अन्य शासकीय विभागों की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 27 नवंबर को कृष्ण रसलीला कार्यक्रम, 28 नवंबर को सुंदरकांड पाठ, 29 नवंबर को लेजर शो तथा 30 नवंबर को गंगा आरती जैसे कार्यक्रम आयोजन की सांस्कृतिक एवं धार्मिक गरिमा को बढ़ाएंगे। 1 दिसंबर को दोपहर 12 बजे दंगल प्रतियोगिता आयोजित होगी तथा दोपहर 2 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन कार्यक्रम होगा। मेले में विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों और परिवारों को उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नगर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे श्री बजरंग कटाये घाट मेले में अपने परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ अधिकाधिक संख्या में पहुंचें तथा मेले में आयोजित होने वाले विविध सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लें। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी नगर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। नागरिकों की सहभागिता से मेले की रौनक और बढ़ेगी तथा आयोजन को भव्य एवं यादगार स्वरूप मिल सकेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *