भगवान कृष्ण की भक्ति के रंग रंगा रहा पूरा शहर, सुभाष चौक दही हांडी में उमड़ा जनसैलाब, विधायक संजय पाठक रहे मौजूद

कटनी। दधिकांदो महोत्सव के अवसर पर रविवार को सुभाष चौक में आयोजित भव्य दही हांडी महोत्सव में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर सहित पूरा सुभाष चौक भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। दही हांडी महोत्सव देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
आयोजन में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष राजकुमार शर्मा एवं पार्षद अवकाश जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच दही हांडी फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियों ने पूरे उत्साह के साथ जोर आजमाइश की। युवाओं की टोली ने मानव पिरामिड बनाकर हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया तो उपस्थित लोगों ने तालियों और जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाया। दही हांडी आयोजन के दौरान सुभाष चौक का माहौल पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ महोत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष सजावट की गई थी। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए। देर तक चले दही हांडी महोत्सव में उमड़ी भीड़ ने आयोजन को और भी अधिक भव्य रूप प्रदान किया। सुभाष चौक की दहीहांडी एक बार फिर यादगार बन गई।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *