समाजसेवी संस्था का अनूठा अभियान, यातायात नियमों का पालन करने वालों को भेंट किए फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

समाजसेवी संस्था का अनूठा अभियान, यातायात नियमों का पालन करने वालों को भेंट किए फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

कटनी। कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय “समाज सेवा विकास संस्था” ने एक अनोखे जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत, संस्था की टीम ने उन स्थानों को चुना है जो अब ब्लैक स्पॉट बन चुके हैं और जहाँ आए दिन सड़क दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। इस पहल का उद्देश्य न केवल यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर मझगवां से सुर्खी टैंक के बीच, बड़वारा थाना क्षेत्र में, संस्था की टीम ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान का सबसे खास पहलू यह रहा कि यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फलदार और छायादार पौधे भेंट किए गए। इन चालकों से यह संकल्प भी लिया गया कि वे इन पौधों का पालन-पोषण करेंगे और उन्हें बड़ा करेंगे।
समाजसेवी सावित्री केवट ने बताया, “हमारी टीम लगातार उन स्थानों पर जागरूकता लाने का प्रयास कर रही है जहाँ सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। हमारा लक्ष्य यातायात नियमों का पालन करवाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।
समाजसेवी राजाराम पटेल ने जानकारी दी कि सुर्खी टैंक मोड़, जो अब एक ब्लैक स्पॉट बन चुका है, पर उनकी पूरी टीम ने समर्पण के साथ काम किया। उन्होंने बताया, “आज हमारी टीम ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, यातायात नियमों का पालन करने वाले लगभग 100 से अधिक वाहन चालकों को फलदार और छायादार पौधे भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया और यह संकल्प दिलाया गया कि जिस तरह वे यातायात नियमों का पालन करते हैं, उसी तरह इन पौधों का भी पालन-पोषण करेंगे।”
ये अभियान इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि सुर्खी टैंक जुहला चौकी के समीप पिछले दो महीनों के भीतर ही 6 व्यक्तियों की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है। इनमें एक कार और ट्रक की भिड़ंत में 3 लोगों की मौत, बारात जा रही स्कॉर्पियो और ट्रक की भिड़ंत में महिलाओं की मौत, एवं मझगवां-बरही तिराहे पर पति और गर्भवती महिला की सड़क दुर्घटना में मौत जैसी हृदयविदारक घटनाएँ शामिल हैं। इसके अलावा, एक लापरवाह ट्रक चालक ने भाई-बहन को भी मौत के घाट उतार दिया था। बीते एक वर्ष में, मझगवां और सुर्खी टैंक के बीच 12 से अधिक सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है। इस दौरान इनकी रही उपस्थित बबिता सिंह, राघवेन्द्र सिंह, फिजा बी, सावित्री केवट,प्रभा सेन, मैना सिंह, राजाराम पटेल, पूजा सिंह, नंदनी रजक, अंजली, सचिन कुशवाहा आदि।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

जनसेवा एवं सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दायित्वों का करें निर्वहन, समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों, विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त का फरमान