कटनी पुलिस की जनरल परेड में दिखा अनुशासन और फिटनेस का दम, एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कटनी। पुलिस बल को और अधिक अनुशासित, सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रक्षित केन्द्र कटनी में जनरल परेड एवं शस्त्र संचालन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात शाखा एवं रक्षित केन्द्र के करीब 105 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जनरल परेड की सलामी के साथ हुई। पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों की वेशभूषा, अनुशासन, कदमताल एवं स्कॉट ड्रिल का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कदमताल और स्कॉट ड्रिल का अभ्यास भी किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की गई, वहीं कमियों वाले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 30 सेकंड के भीतर शस्त्र खोलने और पुनः असेंबल करने का टॉस्क दिया। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने वालों के लिए ₹5000 नगद पुरस्कार की घोषणा भी की गई। इसके बाद एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं 9 एमएम पिस्टल को मात्र 23 सेकंड में खोलकर दोबारा असेंबल कर उपस्थित पुलिस बल को प्रेरित किया, जिससे पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बन गया। जनरल परेड के दौरान जिले में उपलब्ध पुलिस वाहनों की स्थिति एवं रखरखाव का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से वाहनों की कार्यक्षमता और संसाधनों की जानकारी लेते हुए नियमित रखरखाव एवं बेहतर उपयोग के निर्देश दिए। मार्च पास्ट के बाद आयोजित पुलिस दरबार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आर्थिक, स्वास्थ्य, वेतन, अवकाश, मेडिकल बिल एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।








