नंबर प्लेट और कंपनी के स्टीकर हटाकर चला रहा था चोरी की मोटरसाइकिल, कोतवाली पुलिस ने सात माह पुरानी बाइक चोरी का किया खुलासा, शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
कटनी। कोतवाली पुलिस ने करीब सात माह पूर्व बाबा घाट रेलवे केबिन के सामने से चोरी हुई रेलवे कर्मचारी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी के वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट और कंपनी के स्टीकर हटाकर इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी गए वाहनों की बरामदगी के लिए संदिग्धों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गायत्री नगर निवासी एक युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चला रहा है। सूचना के आधार पर 2 नवंबर 2026 को मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर शिवम कोरी (23), पिता रविशंकर कोरी, निवासी गायत्री नगर, गुमान सिंह गली, कटनी को सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
इंजन और चेचिस नंबर से खुला राज
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले मोटरसाइकिल को अपना बताते हुए दस्तावेज घर पर होने की बात कही। पुलिस ने जब इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर जांच की, तो वाहन मोहन लाल रैदास के नाम पर पंजीकृत मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल बाबा घाट रेलवे केबिन के पास से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, फरियादी मोहन लाल रैदास, निवासी रेलवे मल्टी क्वार्टर नंबर 353-ई, जैन कॉलोनी के पास, एनकेजे, कटनी ने 9 मार्च 2026 को मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 245/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
अन्य चोरी की घटनाओं में भी पूछताछ
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 54 MD 9432 बरामद कर ली। आरोपी ने वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट, कंपनी के स्टीकर और मडगार्ड निकाल दिए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है और उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह और रोहित राठौर की सराहनीय भूमिका रही।