खदान के पानी में छिपाई थी चोरी की बाइक, स्लीमनाबाद पुलिस ने बरामद कर चोर को भेजा जेल

खदान के पानी में छिपाई थी चोरी की बाइक, स्लीमनाबाद पुलिस ने बरामद कर चोर को भेजा जेल

कटनी। स्लीमनाबाद पुलिस ने ग्राम तेवरी से चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खदान के पानी से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्या के निर्देशन एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिछुआ निवासी आनंद चौधरी ने 25 अप्रैल 2026 को थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल को वह अपने पिता की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 एमपी 3911 से किराना सामान लेने ग्राम तेवरी गया था। सुबह करीब 9 बजे उसने लखनवाड़ा मोड़ स्थित दुकान के पास बाइक खड़ी की और सामान लेने चला गया। करीब 15-20 मिनट बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक नहीं मिलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 241/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तेजभान माना उर्फ भुरा कुचबंदिया निवासी गोसलपुर जिला जबलपुर को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिल को अपने गांव के पास स्थित केवलारी खेरमाई खदान के पानी में फेंकना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खदान के पानी से मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की तथा आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, उपनिरीक्षक काशीराम झारिया, प्रधान आरक्षक प्रेम शंकर पटेल, लखन पटेल, आरक्षक दीपक यादव, विशाल शिवहरे, रजनीश टेकाम तथा साइबर सेल के आरक्षक अजय साकेत एवं अमित श्रीपाल की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post