जर्जर शासकीय विद्यालय भवनों के डिस्मेंटल की कार्रवाई निरंतर जारी, पहरूआ शासकीय माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को निगम की टीम ने किया डिस्मेंटल
कटनी। विद्यार्थियों एवं विद्यालयीन स्टाफ की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगर निगम सीमा अंतर्गत चिन्हित जर्जर एवं अनुपयोगी शासकीय विद्यालय भवनों के निरस्तीकरण (डिस्मेंटल) की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को पूर्व चिन्हित ईपीएस शासकीय माध्यमिक शाला, पहरूआ के जर्जर भवन को नगर निगम की टीम द्वारा पूर्ण सुरक्षा मानकों के बीच जेसीबी मशीन से डिस्मेंटल करने की कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित अतिक्रमण दस्ता उपस्थित रहा।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि वर्षाकाल सहित अन्य परिस्थितियों में जर्जर भवनों से संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त करने तथा विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालयीन कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जनपद शिक्षा केंद्र समग्र शिक्षा अभियान कटनी से प्राप्त प्रस्तावों एवं सक्षम अधिकारियों के निर्देशानुसार संबंधित जर्जर शाला भवनों के डिस्मेंटल की कार्यवाही की जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा अप्रिय घटना की संभावना को प्रभावी रूप से रोका जा सके।








